समालखा। झपटमारों ने समालखा के पड़ाव मोहल्ला में एक वृद्धा के गले से चेन झपट ली। वृद्धा के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने बाइक सवार झपटमारों का पीछा भी किया लेकिन वो फरार होने में कामयाब हो गए। इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूप में दी गई। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास किया लेकिन उनका अब तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस ने वृद्धा के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता महिला उर्मिला शर्मा ने बताया कि वह दोपहर को बाजार से सामान खरीदकर करीब दो बजे वापस लौट रही थी। पड़ाव एरिया मेें शिव मंदिर वाली गली के पास सामने से सफेद रंग की एक बाइक पर दो युवक आए। इनमें से एक ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। बाइक चालक ने हेलमेट पहना हुआ था जबकि पीछे बैठे युवक ने कपड़े से चेहरे को ढक रखा था। भागने के चक्कर में उनकी बाइक गली में खड़ी स्कूटी से भी टकराई और शोर सुनकर बाहर निकले कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन वो फरार होने में सफल हो गए। चौकी इंचार्ज महावीर सिंह का कहना है कि घटना की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। झपटमार सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए हैं।