समालखा। जीटी रोड टैन स्पून ढाबे के सामने रविवार को अनियंत्रित कार ने ट्रैक्टर ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्राली में लोड बैरिकेड्स के नीचे दबने एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं कार क्षतिग्रस्त होने के कारण दिल्ली-पानीपत लेन में जाम लग गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि सोनीपत की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली में बैरिकेड्स लोड थे। ट्राली में बैरिकेड के ऊपर चार श्रमिक बैठे थे। कार से टकराने के कारण एकाएक श्रमिक सुरेंद्र (41) निवासी गांव बसौदी सोनीपत बैरिकेड्स के नीचे दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक रिटायर्ड फौजी बताया जा रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।