पानीपत। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम चढूनी शनिवार को गांव डाडोला में भाकियू जिला सचिव नदीम गुज्जर के घर ईद पर पहुंचे। उन्होंने भाकियू पदाधिकारियों सहित ग्रामीणों से मुलाकात की। वे पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के साथ दिल्ली पुलिस के छोड़ने के बाद यहां पहुंचे थे। भाकियू जिलाध्यक्ष सुधीर जाखड़ और सर्वजातीय जन पंचायत के अध्यक्ष सुरेंद्र अहलावत ने उनका स्वागत किया।
गुरनाम चढूनी ने कहा कि पूर्व राज्यपाल को गिरफ्तार करना निंदनीय है। केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जो भी बोलता है, उसे गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शनिवार को पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक, किसान नेताओं और खाप प्रतिनिधियों को बैठक के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें बसों में भरकर अलग-अलग थानों में ले जाया गया। कार्यक्रम के टेंट तक उखाड़ दिए गए। इस मौके पर भाकियू कार्यकारी अध्यक्ष राम सिंह कुडू, संदीप एडवोकेट, जिला संगठन सचिव रामबीर झट्टीपुर, युवा जिला महासचिव सिमरन मलका, जिला सचिव राजू मलिक, शौकीन गढ़ीबेसिक, वेद दीवाना व अंकित शर्मा मौजूद रहे।