माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। निजामपुर गांव में किसान बिजेंद्र की हत्या के मामले में एसआईटी ने जांच तेज कर दी है। एसआईटी इस मामले में दो आरोपियों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराएगी। दोनों आरोपी कंपनी के कर्मचारी हैं। इसके लिए एसआईटी ने लैब और उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया है। इसके साथ ही प्रकरण से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस की तफ्तीश लगातार आगे बढ़ रही है।
बीते दो जून को सेक्टर-13-17 थाने में निजामपुर के किसान बिजेंद्र की खेत में जलने से मौत हुई थी। परिजनों ने कंपनी के दो कर्मचारियों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों ने जिंदा जलाकर उनकी हत्या की है। इस प्रकरण के बाद किसान मजदूर संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन भी किया था। एसपी ने इस मामले की जांच के लिए डीएसपी नवीन संधु की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया था।
एसआईटी द्वारा एक-एक बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है। वारदात के दिन घटना स्थल की सच्चाई जाने के लिए संदिग्ध आरोपियों को पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की तैयारी है। इसके लिए एसआईटी ने पॉलीग्राफी टेस्ट करने वाली लैब और उच्चाधिकारियों को पत्र भेजे हैं। लेकिन, अभी तक पुलिस को इसकी कोई डेट नहीं मिली। डेट मिलने के बाद आरोपियों का टेस्ट कराया जाएगा।