पानीपत। मानसून में पानी निकासी के दावे अभी से खोखले नजर आ रहे हैं। वीरवार को तेज आंधी के साथ शहर में 15 मिनट चली बारिश का पानी तीसरे दिन भी नहीं उतर पाया है। शहर के बीचोंबीच गीता मंदिर रोड पर मंदिर के बाहर और शहर से बाहर बबैल रोड बारिश का पानी जमा है। निगम अधिकारियों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीरवार आधी रात को तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी। पानीपत में आठ एमएम बारिश दर्ज की गई थी। ऐसे में शहर में कई जगह पानी जमा हो गया था। शनिवा को तीसरे दिन भी शहर में कई जगह पानी जमा रहा।
गीता कॉलोनी रोड शहर में जीटी रोड से रेलवे स्टेशन और असंध रोड को जोड़ती है। गीता मंदिर के नजदीक सड़क पर शनिवार को भी पानी जमा है। ऐसे में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। वहीं बबैल रोड पर शहर में प्रवेश करने पर मुख्य सड़क पर पानी जमा है। इससे राजाखेड़ी, बबैल समेत अन्य गांवों और इस सड़क पर लगती तीन कॉलोनियों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निगम के हर बार होते हैं दावे
गीता कॉलोनी के अजीत कुमार और हरीश ने बताया कि कॉलोनी में लंबे समय से पानी निकासी की समस्या है। शहर में चार बूंद आते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है। गीता मंदिर के बाहर पानी जमा होने से लोगों के साथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालक इसमें गिर जाते हैं। राजाखेड़ी गांव के नरेंद्र और दीपक ने बताया कि बबैल रोड रामनगर में पानी निकासी की समस्या गंभीर है। बारिश का पानी जमा होने से निकल पाना भी मुश्किल हो गया है।
वर्जन :
गीता कॉलोनी और बबैल रोड पर नाला और सड़क बनाने का प्रस्ताव है। इसको जल्द ही सिरे चढ़ाया जाएगा। नगर निगम मानसून से पहले पानी निकासी के प्रबंध पुख्ता कर लेगा।
पुनीत, एसई, नगर निगम।