समालखा। दहेज के लोभी होने वाले ससुराली शादी से 15 दिन पहले ही समालखा में लड़की के घर दहेज की मांग करने पहुंच गए। होने वाली सास व उसके पिता ने लड़की के परिजनों से दहेज में थार गाड़ी व 22 लाख रुपये मांगे। लड़की ने अपनी होने वाली सास को मनाने की कोशिश की तो सास ने उसको थप्पड़ जड़ दिए। युवती के साथ मारपीट की गई। युवती की मां ने इसकी शिकायत समालखा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में भी जुटी है।
समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में सुदेश ने बताया कि वह समालखा के एक गांव की रहने वाली है। उसकी बेटी की शादी चार नवंबर 2022 को अभिषेक निवासी गांव सौधापुर के साथ होनी तय हुई है। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रिश्तेदारियों में शादी के कार्ड भी बंट चुके हैं। 21 अक्तूबर की शाम करीब साढ़े सात बजे लड़के की मां रेखा अपने पिता रणबीर के साथ उनके घर आई। उन्होंने शादी में थार व 22 लाख रुपये मांगे। इतनी मोटी रकम सुनकर वह परेशान हो गए। उन्होंने समाज में बेइज्जती न हो इसके लिए 12 लाख रुपये व थार गाड़ी देने की हामी भर दी लेकिन वह 22 लाख की मांग पर अड़े रहे। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। उसकी बेटी ने समझाने का प्रयास किया तो उसकी होने वाली सास रेखा ने उसको थप्पड़ जड़ दिए। रेखा के पिता रणबीर ने भी उन्हें शादी तोड़ने की धमकी दी। उन्होंने ये भी धमकी दी कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।