पानीपत। नगर निगम ने टेंडर लेकर तय समय सीमा में विकास कार्य न करने की स्थिति में एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने सात एजेंसियों के विकास कार्यों की निविदा रद्द कर दी है और 13 एजेंसियों पर जुर्माना लगाने का फैसला लिया है।
निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने वीरवार को लगातार तीसरे दिन विकास कार्यों की समीक्षा की। नगर निगम की डिवीजन-एक के कार्यकारी अभियंता को दूसरे अधिकारियों से विकास कार्यों का फीडबैक लिया। डिवीजन के अंतर्गत 12 एजेंसियों के कामों पर चर्चा की। इनमें से किसी भी एजेंसी का काम तय समय सीमा में नहीं पाया गया। आयुक्त ने अधिकारियों की ढील पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी एजेंसियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ एक कार्य को कई वर्षों से लंबित होने के चलते निरस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ भविष्य में किसी भी एजेंसी के कार्य में अनावश्यक देरी, गुणवत्ता में कमी और अनुबंध शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।