पानीपत। शहर के औद्योगिक सेक्टरों की तीन मुख्य सड़कों पर 35 लाख रुपये से लगाई जाने वाली 84 रंग-बिरंगी लाइटों का टेंडर रद्द हो गया है। इसका आदेश मुख्यालय से जारी हुआ है। इसमें कहा गया है कि प्रदेश भर में लाइटों का टेंडर केवल उसकी मंजूरी पर ही लगाया जाएगा। हालांकि दूसरी तरफ माना जा रहा है कि इस टेंडर को बेवजह का खर्च बताकर शहर के नेताओं ने ही रद्द करवाया है। ये कुल 84 लाइटें 42 पोल पर इंस्टॉल करवाई जानी थी। हर पोल पर दो लाइट लगनी थी।
निगम ने 35 लाख रुपये से महाराज अग्रसेन चौक से लेकर मलिक पेट्रोल तक, महाराज अग्रसेन चौक से सेक्टर-29 बाईपास तक और महाराजा अग्रसेन चौक से ही एमजेआर स्कूल के सामने से बबैल नाके तक इन लाइटों को लगाने का टेंडर लगाया था, जो वेबसाइट पर ऑनलाइन होते ही रद्द करवा दिया गया।
नगर निगम एक्सईएन प्रदीप कल्याण ने बताया कि सेक्टर की सड़कों का अंधेरा देखते हुए इस टेंडर को लगाया गया था, जिसे मुख्यालय के निर्देशों पर रद्द किया गया है। लाइट संबंधित सभी टेंडर मुख्यालय की निर्देशों पर ही लगाए जाएंगे।