समालखा। सीआईए-3 की टीम ने भापरा खेल स्टेडियम के पास नाकाबंदी कर भारी मात्रा में अवैध शराब से भरा एक टेंपो पकड़ा है। पुलिस ने मौके से टेंपो चालक शिवम उर्फ शिबू निवासी वार्ड नंबर पांच, सीताराम कॉलोनी, समालखा को गिरफ्तार कर लिया है। आबकारी विभाग की मौजूदगी में जांच करने पर टेंपो से 259 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
सीआईए-3 के प्रभारी सुभाष ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शिवम टेंपो में अवैध शराब लेकर जौरासी रोड की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेल स्टेडियम भापरा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान राजा गार्डन की तरफ से आए लाल रंग के तिरपाल ढके टेंपो को रोककर चालक को काबू किया गया। चालक से शराब के बिल, लाइसेंस और परमिट मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद आबकारी निरीक्षक अंकित कुमार की मौजूदगी में जांच की गई। टेंपो से ब्लू स्ट्रोक, ब्लू स्ट्रोक डेनियल स्पेशल, अंकल टॉम और शौकीन संतरा ब्रांड की अंग्रेजी व देशी शराब की 259 पेटियां मिलीं। पुलिस ने शराब के नमूने अलग कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।