संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। इस बार मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। बुधवार रात को आंधी और बूंदाबांदी के बाद वीरवार सुबह ही तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़ा। हवा की तेज रफ्तार ने दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी बढ़ाई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार ने इस सप्ताह तापमान बढ़ने और अगले सप्ताह बारिश का अनुमान जताया है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में उतार-चढ़ाव लगा हुआ है। पिछले सप्ताह तेज अंधड़ और बारिश होने से अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया था जबकि इस सप्ताह आंधी और बूंदाबांदी के बाद भी अधिकतम तापमान वीरवार को एक डिग्री बढ़कर 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हवा की रफ्तार बढ़ने से दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी हो रही है। बिंझौल निवासी रामनिवास ने बताया कि वह सुबह मोटरसाइकिल से पानीपत ड्यूटी पर जाता है। तेज हवा चलने के कारण उड़ते धूलकण व प्लास्टिक की थैलियां बार-बार हेल्मेट पर लगती है जिससे बाइक चलाने में परेशानी होती है।