पानीपत। पश्चिमी विक्षोभ के चलते इस बार मौसम लगातार बदल रहा है। बुधवार को मौसम साफ होने के बाद अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान दो-दो डिग्री बढ़ गया। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार रात को समालखा व बापौली क्षेत्र में बारिश के चलते मंडियों में गेहूं भीग गया था।
समालखा में 16 और बापौली में 25 एमएम बारिश दर्ज की। मौसम विशेषज्ञ ने अगले कई मौसम साफ होने पर तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। बुधवार को सुबह ही हल्के बादल छाने के साथ करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। दिन के समय बादल छटने के साथ धूप तेज हो गई। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ गया। कृषि विज्ञान केंद्र उझा के मौसम विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि इस सप्ताह मौसम साफ रह सकता है। अब अगले कई दिन से अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। इस सप्ताह अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह सोमवार को मौसम फिर से बदल सकता है। ब्यूरो