पानीपत। तहसीलदार की कोर्ट में उनके ड्राइवर और कुछ फरियादियों के बीच जमकर कहासुनी हुई। आरोप है कि ड्राइवर ने उनको थप्पड़ मारने का प्रयास किया और बीचबचाव करने आए वकीलों के साथ भी ड्राइवर ने बदसलूकी की।
एसडीएम ने शिकायत मिलने पर जांच तहसीलदार को सौंप दी है और रिपोर्ट आने पर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। मामला शुक्रवार सुबह 11 बजे लघु सचिवालय स्थित तहसीलदार की कोर्ट का है। धनसौली गांव निवासी सुरेश शर्मा किसी मामले की सुनवाई के लिए तहसीलदार की कोर्ट में पहुंचा था। उसका वकील भी साथ में था और वे तहसीलदार की कोर्ट में तारीख लेने चले गए। इस बीच तहसीलदार का ड्राइवर राकेश बीच में ही बोल उठा। इसके चलते उनके बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि ड्राइवर राकेश ने तैश में सुरेश शर्मा पर हाथ उठाने का प्रयास किया। वहीं पर मौजूद कुछ वकील बीचबचाव करने पहुंच गए, लेकिन ड्राइवर राकेश ने उनको भी धमका दिया। इसको लेकर काफी देर तक हंगामा मचा रहा। सुरेश शर्मा ने इसकी शिकायत एसडीएम व तहसीलदार को दी। एसडीएम व तहसीलदार ने शिकायत पर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। लघु सचिवालय में इस बात की दिनभर चर्चाएं होती रही।
तहसीलदार की कोर्ट में ड्राइवर व कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई है। एक व्यक्ति ने शिकायत देकर ड्राइवर पर धमकाने और थप्पड़ मारने के लिए हाथ उठाने का आरोप लगाया है। तहसीलदार को मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। तहसीलदार की रिपोर्ट में इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।