संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। इसराना थाना क्षेत्र में हाईवे की सर्विस लेन पर हैडी बस्ती के पास मंगलवार रात ट्राले की टक्कर से स्कूटी सवार किशोर यश (15) की मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई रोनित घायल हो गया। दोनों स्कूटी पर सवार होकर बिजली निगम के पावर हाउस जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जोधन खुर्द निवासी प्रवीण ने शिकायत दी कि वह वर्तमान में इसराना की गीता कॉलोनी में रह रहे हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनका बेटा यश और उसकी साली का बेटा रोनित स्कूटी से घर से बिजली निगम पावर हाउस की ओर जा रहे थे।
जैसे ही वे सर्विस लेन पर हैडी बस्ती के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिर गए और ट्राले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने यश को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोनित का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पानीपत के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि मृतक यश परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
घटना के संबंध में थाना इसराना प्रभारी हरिराम ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।