पानीपत। परी कुंज बाल देखभाल केंद्र (सीसीआई) से तीन किशोरियों के लापता होने के मामले पर राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान ले लिया है। आयोग ने जिला बाल कल्याण समिति से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। समिति ने आयोग को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट भेज दी है। उधर, पुलिस चार दिन बाद भी किशोरियों को तलाश नहीं कर पाई। उनकी तलाश में पानीपत, पंचकूला और रोहतक के अलावा आसपास के जिलों में टीमें भेजी गई हैं।।
जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन में परी कुंज के नाम से सीसीआई है। यहां से 16 मई की सुबह करीब पौने नौ बजे तीन किशोरी वार्डन को बाथरूम और बाकी बच्चियों को कमरे में बंद कर चली गईं थीं। इसके बाद सीसीआई प्रभारी ने थाना मॉडल टाउन थाने में केस दर्ज कराया था लेकिन, अभी तक किशोरियों को बरामद नहीं किया जा सका। अब यह मामला हरियाणा राज्य राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक पहुंच गया है।
जिला बाल कल्याण समिति ने भी पूरे प्रकरण की रिपोर्ट आयोग को भेज दी है। इसके अलावा डीसी और एसपी को भी पत्र लिखकर प्रकरण से अवगत करा दिया है। समिति ने पुलिस अधिकारियों से किशोरियों की जलद तलाश करने की मांग की है। जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन पदमा रानी ने बताया कि आयोग और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। किशोरियों के परिजनों ने भी उनकी जल्द से जल्द तलाश न करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने सीसीआई के स्टॉफ पर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं। मतलौडा की किशोरी ने अपने परिजनों पर जान का खतरा होने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जिस पर अभी सुनवाई होने वाली है। ब्यूरो