सावन पार्क, हरिनगर व बिश्नस्वरूप कॉलोनी के पास काटी जा रही अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के चलते मंगलवार को निगम अमला पूरे लाव-लश्कर के साथ तो निकला, लेकिन पुलिस प्रोटेक्शन न मिल पाने की वजह से इसे बैरंग लौटना पड़ा। पुलिस बल के लिए निगम अफसर, सीएम फलाइंगम समेत करीब तीन घंटे तक मॉडल टाउन थाने के बाहर बैठे इंतजार करते रहे। इसकी रिपोर्ट सीएम फ्लाइंग व निगम अधिकारियों ने तुरंत प्रभाव से आला अधिकारियों को दी।
निगम अधिकारियों का कहना है कि पुलिस अधिकारियों नें उनसे कहा कि पुलिस टीम को बाहर भेजा गया है। हैैैैरानी की बात ये है कि निगम द्वारा इस कार्रवाई के लिए प्रशासन को पहले ही लिखा जा चुका था, सहमति के बाद ही एक्शन प्लान बनाया गया।
इसके लिए ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के तौर पर पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन राजेश कौशिक, नोडल अधिकारी के तौर पर संयुक्त आयुक्त अनुपमा मलिक, निगम एक्सईएन जीपी वधवा, नवीन सहरावत, भवन निरीक्षक दलबीर सिंह समेत निगम के अन्य कर्मचारी भी पूरी तैयारी करके गए थे।
बता दें शहर में पनप रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अमर उजाला लगातार अभियान चलाकर इन्हें अपने अंकों में प्रमुखता से प्रकाशित करता आया है। इन पर कार्रवाई करने को लेकर कई बार सीएम फलाइंग तक निगम कार्यालय में दस्तक दे चुकी है। इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
निगम के लगाए बोर्ड उखाड़े
नगर निगम को जब इन अवैध कॉलोनियों में प्लाट काटने की शिकायत मिली तो उन्होंने मौके पर बोर्ड तक लगाए। जिन बोर्डों को भी दबंग कॉलोनाइजरों ने उखाड़ फेंका।
ऐसा नहीं है कि कार्रवाई नहीं होगी। जल्द ही दूसरा एक्शन प्लान बनाया जाएगा। जिसके तहत कार्रवाई होना निश्चित है।
-सुशील कुमार, आयुक्त, नगर निगम, पानीपत।