आज के आधुनिक जमाने में विद्यार्थियों को सरलता के साथ कैसे शिक्षित किया जाए इस विषय को लेकर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में टीचरों को प्रशिक्षण दिया गया। स्कूल में चल रही दो दिवसीय कार्यशाला में शिक्षा प्रणाली को अधिक बेहतर बनाने के लिए योजनानुसार सत्र 2015-16 में अध्यापकों के विषय संबंधी कमियों को दूर करने एवं कम समय में अधिक जानकारी हासिल करवा कर उन्हें दक्ष बनाया जा रहा है। ताकि बच्चों को रटने की प्रवृति के स्थान पर प्रयोगात्मक शिक्षा प्रदान की जा सके। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षण कार्य को गति देने, शिक्षकों के रचनात्मक कार्य में वृद्धि करने, विषय की प्रस्तुति के ज्ञानवर्धन के लिए, भविष्य में आयोजित होने वाली कार्यशालाओं का प्रबंध जानने के लिए एवं स्वयं का मूल्यांकन करना रहा। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए स्कूल के सभी अध्यापकों को अलग-अलग स्थानों पर डीएवी स्कूलों में प्रशिक्षण के तहत विभिन्न प्रयोगात्मक शैली से जागरूक किया जा रहा है।