- शास्त्रीय गायन से लोकनृत्य और नाट्य मंचन तक दिखेगी प्रतिभा, समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक अब मंच पर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से समग्र शिक्षा अभियान के तहत वीरवार को जिला स्तरीय रंगोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के साथ विभिन्न श्रेणियों के शिक्षक अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
रंगोत्सव का उद्देश्य शिक्षकों की छिपी कलात्मक प्रतिभा को मंच देना, रचनात्मकता को बढ़ावा देना और शिक्षण प्रक्रिया में कला को शामिल करना है। प्रतियोगिता में शास्त्रीय गायन, हिंदी, पंजाबी और हरियाणवी के पारंपरिक लोकगीत, शास्त्रीय नृत्य और लोकनृत्य जैसी विधाओं में शिक्षक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा एकल अभिनय, नाट्य मंचन, शास्त्रीय व पारंपरिक लोक वाद्य संगीत तथा दृश्य कला की 2डी और 3डी श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन में सरकारी स्कूलों के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक, वर्क एजुकेशन इंस्ट्रक्टर, व्यावसायिक शिक्षक और हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तहत अनुबंध पर कार्यरत शिक्षक भाग ले सकेंगे। रंगोत्सव के माध्यम से शिक्षकों को अपनी रुचि और कौशल प्रदर्शित करने के साथ शिक्षा में कला के प्रभावी उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।