समालखा। समालखा से बापौली एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने जा रही शिक्षिका का हथवाला रोड पर ब्रेजा कार सवार दो युवकों ने अपहरण कर लिया। कार में बैठाकर नाम पूछा तो शिक्षिका ने अपना नाम बता दिया। जिस पर आरोपी यह कहते हुए छोड़ गए कि गलत लड़की को उठा लिया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। समालखा निवासी एक व्यक्ति ने प्राथमिकी दर्ज कराई। उनका कहना है कि उनकी लड़की बापौली क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल में पढा़ने जाती है। मंगलवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। जैसे ही हथवाला रोड पर पहुंची तो गली में के बाहर बिना नंबर की ब्रेजा कार खड़ी मिली। कार में दो युवक सवार थे। दोनों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। कार में बैठाकर युवकों ने उससे नाम पूछा। जैसे ही उसने अपना नाम बताया तो युवकों ने कहा कि यह गलत लड़की उठा ली। इसके बाद आरोपी कार लेकर पट्टीकल्याणा के पास पहुंचे और उसे छोड़कर भाग गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार की तलाश शुरू कर दी है। आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।