पानीपत। बिजली की मांग को लेकर अंसल के लोगों को बुधवार को 33वें दिन का धरना प्रदर्शन और 25वें दिन की भूख हड़ताल जारी रही। वहीं, अंसल के लोगों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री से मिलने की पूरी तैयारी भी की। इसके लिए अंसल बचाओ संघर्ष समिति के पांच सदस्यों को शिष्टमंडल के लिए चुना गया। ये लोग ग्रामीण विधायक के साथ वीरवार सुबह चंडीगढ़ जाएंगे और सीएम से मिलकर अपनी समस्याओं को रखेंगे। इसके लिए उन्होंने संबंधित सभी दस्तावेज भी जुटा लिए हैं। सीएम के साथ विचार विमर्श के लिए बिजली निगम और एचएसवीपी के बड़े अधिकारियों को भी बुलाया गया है।
सीएम के साथ मुलाकात के लिए विनोद गोयल, कुलदीप कादियान, सुरेश कुमार बंसल, राजीव जैन और एसके राणा का शिष्टमंडल वीरवार सुबह चंडीगढ़ की ओर रवाना होगा। बता दें कि बिजली की मांग को लेकर अंसलवासी दो बार बिजली मंत्री तक से मिल चुके हैं। लेकिन दोनो बार उनकी वार्ता विफल रही। इससे पहले भी अंसल के लोग बिजली निगम और एचएसवीपी के निदेशक स्तर के धिकारियों को अपनी समस्याएं सुना चुके हैं, लेकिन ये अधिकारी भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर सके। अब अंसल के लोगों की आखिरी उम्मीद मुख्यमंत्री से ही है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद फैसला हो जाएगा कि उन्हें बिजली दी जाएगी या उन्हें एक बार फिर से इसके लिए पैसे खर्च करने पड़ेंगे।
भूख हड़ताल पर बैठाने वालों में आरएस गांधी, बलवान जागलान शामिल रहे। वहीं, धरने पर कुलदीप कादियान, अमित वर्मा, हरीश अरोरा, जितेंद्र, सुरिंद्र राणा, जगवीर राणा और सुरभि शर्मा ने विचार रखे।