संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। कालखा गांव में खेत में बैठे एक युवक का कार सवार लोग अपहरण कर ले गए। युवक का अपहरण रंजिशन किया गया। आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर खूब पीटा और गांव के अड्डे के पास फेंककर फरार हो गए। गांव के एक युवक ने उसे बेसुध हालत में पड़ा देखा तो उसे घर ले गया। इसराना थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कालखा गांव निवासी अंकुश उर्फ मुन्ना ने बताया कि आठ सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह गांव के शराब के ठेके पर शराब लेने गया था। वहां पहुंचने के बाद उसने अपने दोस्त विनीत से फोन पर सेल्समैन की बात करवाई। इसके बाद वह अपने खेत में चला गया। आधा घंटा बाद मंगल के खेत में उनके गांव का ही रवि, विनीत जागलान व बबलू खेत में आए। उन्होंने आते ही उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उसे गाड़ी में डालकर ठेके पर ले गए। वहां उसके हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। इसके बाद विनीत ने डायल 112 पर कॉल की। पुलिस वहां पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर फिर से बांधे और मारपीट की। आरोपी उसे गांव के अड्डे पर एक नलकूप के पास फेंक कर गए। गांव के ही रविंद्र का लड़का उसे घर तक ले गया। अंकुश का आरोप है कि बलविंद्र और रवि ने साजिश रची थी। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए।