पानीपत। बारिश में सिस्टम फेल हो गया। नगर निगम, जन स्वास्थ्य विभाग, एचएसवीपी और एलएंडटी शहर में पानी निकासी का समुचित प्रबंध नहीं कर पाए। डीसी की सोमवार को बैठक बेअसर रही। शहर में मात्र 57 एमएम बारिश में बाढ़ जैसे हालात नजर आने लगे। जीटी रोड से निकलने के लिए रास्ता तक नहीं मिला। खादी आश्रम के बाहर दिल्ली-पानीपत और संजय चौक पर पानी जमा होने से पानीपत-दिल्ली लेन पर लंबा जाम लग गया। मार्बल मार्केट में पानी जमा होने और सड़क खस्ताहाल होने से पानीपत-हरिद्वार रास्ते से संपर्क कट गया। रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। वाहन चालक मौत को दावत देते हुए सड़क पार करते रहे। शहर के बाजारों में पानी जमा हो गया। विधायक और नगर निगम आयुक्त शहर की समस्या का समाधान करने के बजाय मॉडल टाउन में सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास करने में व्यस्त रहे। अनदेखी के चलते शहर की सड़कों से बारिश बंद होने के पांच घंटे बाद भी पानी नहीं उतरा। शहरवासी पूरे दिन अनदेखी का दंश झेलते रहे।
बुधवार को भोर में करीब चार बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज बारिश में तब्दील हो गई। सुबह पांच से छह बजे तक जमकर बारिश हुई। सुबह आठ बजे तक शहर में 40 मिमी. बारिश दर्ज की गई। 10 बजे कुछ देर बारिश हल्की हुई। इसके बाद फिर बारिश तेज हो गई। दोपहर 12 बजे तक बारिश रुक-रुक कर चलती रही।
इंसार बाजार, चौड़ा बाजार, हैंडलूम बाजार, एसडी कॉलेज रोड, एसडी कॉलेज के बाहर जीटी रोड, संजय चौक, जीटी रोड पर खादी आश्रम के सामने, एसबीआई के बाहर, सनौली रोड मार्बल मार्केट, असंध रोड पर रामलाल चौक, किशोर गार्डन के समीप, असंध रोड पर ज्योति कॉलोनी के बाहर, भगत सिंह मार्केट, राजनगर, सुखदेव नगर समेत एक दर्जन स्थानों पर जलभराव हो गया। शहर के सेक्टरों में भी सड़कों पर पानी जमा रहा।
जीटी रोड पर कई जगह घुटनों व खादी आश्रम के समीप इससे अधिक पानी जमा रहा। दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए। लोग उन्हें धक्का देकर निकालने को मजबूर दिखे। कई जगह गाड़ी बंद हो गई। कई रिक्शा पलट गए। जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। पुलिस ने संजय चौक से हरिद्वार की तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया। गोहाना रोड तक जाम लगा रहा। खादी आश्रम पर पानी जमा होने से दिल्ली की तरफ अनाज मंडी से पीछे तक जाम लगा रहा।
राम प्रसाद शर्मा, जसविंदर, अशोक अरोड़ा, कपिल शर्मा व किरण चोपड़ा ने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-11 में बारिश का पानी घरों में घुस गया। यहां सीवर कई दिनों से बंद है। लोगों की शिकायत के बाद भी सफाई नहीं की गई, जबकि पानी के साथ सीवरेज चार्ज भी लिया जाता है। सीवरेज व ड्रेन नंबर-एक की समय पर सफाई न होने से यह ओवरफ्लो हो रहा है। माॅडल टाउन निवासी मुकेश ने बताया कि इंसार बाजार में निकलने का रास्ता तक नहीं है। जीटी रोड पर गाड़ी लाते हैं तो जाम में फंसते हैं और दोपहिया लाएं तो बीच में बंद होने पर धक्का लगाकर ले जाना पड़ता है।
बुधवार को तेज बारिश में जीटी रोड समेत कई जगह जलभराव की सूचना मिली हैं। संबंधित विभाग पानी निकासी में लगे हैं। एक साथ बारिश आने से ऐसी स्थिति पैदा हुई है।
- वीरेंद्र कुमार दहिया, उपायुक्त।