संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राज नगर निवासी एक महिला ने अपने पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों पर दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी दहेज में कार की मांग कर रहे थे, उसने मना किया तो प्रताड़ित करने लगे। उसे जान से मारने की साजिश के तहत उसे कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजनगर निवासी प्रीति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी सात दिसंबर 2012 को भिवानी निवासी संजय के साथ हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। शादी के बाद जब वह ससुराल गई तो उसे पहले दिन से कम दहेज लाने पर प्रताड़ित किया जाने लगा। पति ने अपने लिए कार, सास ने कानों के टॉप्स, ससुर ने अपने लिये सोने की चेन व ननद अंशु ने अपने लिये सोने की बालियों की मांग की।
उसने अपने मायके में उक्त मांगे बताई। जिस पर पिता ने घर बसाने के लिए 13 मार्च 2013 को उसके पिता फूफा जमुनादास से दो लाख रुपये उधार लेकर उसके पति व ससुर का दिए। कुछ दिन ठीक रखने के बाद उसे फिर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि गर्भवती होने के दौरान सास ने पेट में लात मारकर गर्भ गिराने का प्रयास किया। उसने एक बेटे को जन्म दिया।
परिवार ने तीन लाख रुपये खर्च किए, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग खुश न हुए और उसे उसी हालत में मारपीट कर घर से निकाल दिया। उन्होंने पंचायत की, लेकिन आरोपियों ने घर बसाने से इंकार कर दिया। उसने अदालत में याचिका डाली तो कुछ दिन बाद उन्होंने माफी मांगकर समझौता कर लिया,लेकिन उनकी प्रताड़ना जारी रही। नौ मई 2023 को आरोपियों ने मारने की साजिश रची और उसे एक कमरे में बंद कर उसके साथ सरिये से मारपीट की। जिसके बाद अपने मायके आ गई और सामान्य अस्पताल में अपना इलाज कराया।