पानीपत। पानीपत के मिठाई व्यापारी अरुण अरोड़ा से बिटक्वाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 56.24 लाख रुपये की ठगी की गई। अनिका बनर्जी नाम की एक युवती ने पहले फेसबुक पर दोस्ती कर व्यापारी को अपने झांसे में लिया था। इसके बाद मोटा मुनाफा देने का लालच देकर उससे 56.24 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और मोबाइल फोन नंबर बंद कर लिया। व्यापारी की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शहर के वीवर्स कॉलोनी के अरुण अरोड़ा ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पानीपत में अनमोल स्वीट्स कन्फेक्शनरी के नाम से दुकान है। उसके पास मार्च 2024 में अनिका बनर्जी नाम की एक युवती की फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद उनकी बातचीत होने लगी। इसी बीच अनिका से व्हाट्सएप नंबर पर बात होने लगी। अनिका ने उसे बताया कि बिटक्वाइन ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा है, उसने एक एप का लिंक भेज और एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने को कहा। उसने ट्रेडिंग करने के लिए 51.54 लाख रुपये बैंक खाते से ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद यूपीआई के माध्यम से 1.70 लाख और दोस्त के खाते से तीन लाख रुपये उसके खाते में जमा कराए। अरुण अरोड़ा का कहना है कि आरोपी ने झांसे में लेकर उससे 56.24 लाख रुपये की साइबर ठगी की है। इसके बाद आरोपी ने अपना नंबर भी बंद कर लिया है। जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उनके खाते की डिटेल भी खंगाली जा रही है। जिससे साइबर ठगी में गई धनराशि को फ्रीज कराया जा सके।