पानीपत। शहर के जीटी रोड स्थित नवल सिनेमा में दो संदिग्ध बैग मिलने पर सनसनी फैल गई और शाम के वक्त करीब चार घंटे तक पुलिस और लोगों की धड़कन थम गईं। मधुबन से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद बैगों को निकालकर चेक किया और किसी तरह की विस्फोटक सामग्री नहीं होने की बात कही। करीब छह महीने में शहर में बम मिलने की दूसरी सूचना मिली।
शहर के नवल सिनेमा में शाम को छह बजे शो छूटने के बाद सीटों पर दो पिटठू बैग मिले। सिनेमा हाल के प्रबंधक घनश्याम ने आसपास के लोगों को बताया। लोगों ने संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचित किया। इसके बाद थाना शहर प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और हॉल के गेट का ताला लगाकर बम निरोधक दस्ते को सूचित किया। इसके बाद मधुबन से कई सदस्यीय बम निरोधक दस्ता सिनेमा हाल में पहुंचा और कई घंटे की मशक्कत के बीच दोनों बैगों को एक-एक कर बाहर निकाला और खोलकर देखा। एक बैग में कपड़े और मिठाई का डिब्बा और दूसरे बैग में कपड़े और दो डिब्बे थे। उनमें भी कुछ अन्य सामान मिला। दोनों बैगों में किसी तरह की विस्फोटक सामग्री न मिलने पर पुलिस अधिकारियों और बम निरोधक दस्ते ने राहत की सांस ली।
पुलिस नहीं हटवा सकी गाड़ी
नवल सिनेमा में संदिग्ध बैग मिलने की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन वे हॉल के प्रांगण में खड़ी गाड़ियों को नहीं हटवा सके। हाल के आसपास करीब दो दर्जन गाड़ी देर रात तक खड़ी रहीं। वहीं बम फटने की आशंका से लोगों की धड़कन तेज रही।
लेट नाइट मिनट दर मिनट
ऐसे चला घटनाक्रम
6:00 शाम बजे नवल सिनेमा का आखिरी शो छूटा।
6:30 पर हॉल प्रबंधक लोगों ने को अवगत कराया
7:36 बजे पुलिस को संदिग्ध बैगों की सूचना दी।
7:45 बजे पुलिस पहुंची और हॉल को बंद किया।
8:00 बजे बम निरोधक दस्ते को सूचित किया।
9:04 बजे डीएसपी के साथ निरोधक दस्ता पहुंचा।
9:06 बजे दस्ते ने अपना सामान तैयार किया।
9:15 बजे दस्ता सिनेमा हॉल में दाखिल हुआ।
9:16 बजे एक बैग को लेकर बाहर आए।
9:32 बजे तक बैग में कपड़े और मिठाई मिली।
9:35 बजे दस्ता दूसरा बैग लेने पहुंचा।
9:38 बजे दूसरे बैग को लेकर बाहर आए
9:53 बजे अपने उपकरणों के साथ धमाका किया।
10:00 बजे बैग को फाड़कर उसकी तलाशी ली।
10:20 बजे तक निरोधक दस्ते ने कार्रवाई पूरी की।
1990 में भी हुआ था विस्फोट
जीटी रोड लालबत्ती के नजदीक 1990 में भी बम धमाका हुआ था। बताया जा रहा है कि उस समय सुबह छह बजे धमाका हुआ था। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसमें सिनेमा हाल की छत उड़ गई थी। बताया जा रहा है कि शाम को छह बजे बम का समय भरा था। आरोपी पीएम की जगह टाइमर में एएम कर गया। जिसके चलते सुबह के समय बम ब्लास्ट हुआ था।
वर्जन
जीटी रोड स्थित नवल सिनेमा में संदिग्ध हालात में दो बैग मिले थे। बम निरोधक दस्ते ने दोनों बैगों की तलाशी ली है। उनमें किसी तरह की कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। पुलिस ने इसमें मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जितेंद्र गहलावत, डीएसपी सिटी, पानीपत