जिला पुलिस के मुलाजिम एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं। इस बार सनौली चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों पर पैसों की जबरदस्ती मांग करने और पिकअप चालक के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे हैं।
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी में तैनात दो एएसआई समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा को कुटानी निवासी पिकअप चालक सोनू की शिकायत मिली है। सोनू अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह पिकअप चलाता है और रविवार को सनौली चौकी के नजदीक से जा रहा था।
चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी पिकअप को रुकवा लिया और उससे आगे जाने के लिए पैसों की मांग करने लगे। उसने उनको पैसे देने से मना किया तो उसके साथ दुर्व्यवहार पर उतर आए।
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने शिकायत लेकर आरोपों की जांच कराई। पुलिस ने आरोपों को सही पाते हुए एएसआई पवन, एएसआई जसमेर, हवलदार जितेंद्र, हवलदार कुलविंद्र, सिपाही नरेश व सिपाही अनिल को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया।
अधिकारियों के सख्त होने पर पुलिसकर्मियों के खुल रहे राज
अधिकारियों के सख्त होने पर पुलिसकर्मियों के लेन-देन के खेल लगातार खुलकर सामने आ रहे हैं। सीआईए-टू पानीपत द्वारा 24 दिसंबर को समालखा थाना के अंतर्गत करीब एक करोड़ रुपये का चूरा पोस्त व अफीम पकड़ी थी।
जिसमें सामने आया कि सीआईए-टू ने 30 लाख रुपये लेकर मुख्य आरोपी सुदेश उर्फ बाबा को निकाल दिया था। उन्होंने सुदेश से बरामद चूरा पोस्त व कुछ अफीम को पकड़े गए एक ट्रक से दिखा दी थी।
जिसमें सीआईए-टू के प्रभारी दीपक समेत पांच थानेदारों को सस्पेंड कर दिया था। इनमें चार थानेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
वहीं गत दिनों आईजी टीम द्वारा जीटी रोड स्थित होटल गोल्ड में भारत-आस्ट्रेलिया मैच पर मोटा सट्टा पकड़ा था। जिसमें गोहाना शहर के एसएचओ ऋषिकांत का नाम सामने आया था।
आईजी श्रीकांत जाधव ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसएचओ ऋषिकांत को सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया था। इस मामले की जांच सीआईए सोनीपत कर रही है।
थाना सदर के अंतर्गत सनौली चौकी में तैनात छह पुलिसकर्मियों पर पैसों की डिमांड व दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे। पुलिस जांच के चलते छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सभी छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जोगिंद्र राठी, डीएसपी क्राइम एवं मुख्यालय पानीपत।
--जगमहेंद्र--