कैथल। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला नागरिक अस्पताल में क्रिटिकल केयर निर्माण यूनिट के लिए करवाए गए सर्वे की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। जिस वजह से इस परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।
अब इस रिपोर्ट के मार्च में आने की संभावना है। उम्मीद है कि सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद बजट प्राप्त हो जाएगा और निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
यूनिट की निर्माण प्रक्रिया के तहत सामान्य अस्पताल में मिट्टी के सैंपल लिए गए थे। इस क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण के बाद गंभीर रुप से घायल मरीजों को इलाज मिलेगा।
इसके बाद चंडीगढ़ व रोहतक पीजीआई जाने की जरूरत नहीं होगी। जिले में दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों का जल्द ही इलाज मिल पाएगा। बता दें कि जिला नागरिक अस्पताल में ही इसका निर्माण होना तय हुआ है। क्रिटिकल केयर यूनिट बनाए जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पिछले साल ही अनुमति दे दी थी।
जबकि इससे पहले क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण को लेकर पुराना अस्पताल में जगह चिह्नित की गई थी, लेकिन यहां पर पहले ही 100 बेड का जच्चा-बच्चा अस्पताल बनाया जाना है। इस कारण इसे सेक्टर 18 में स्थित जिला नागरिक अस्पताल में बनाने पर सहमति बनी।
गौरतलब है कि नवंबर 2022 में स्वास्थ्य विभाग की निदेशालय की टीम ने क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण की जगह को लेकर दौरा भी किया था। यह सेंटर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री हेल्थ इंफ्रास्ट्रचर मिशन के तहत पहले पुराना अस्पताल में बनाया जाना है। इसके बाद पिछले साल दिसंबर में ही सर्वे किया गया है।