सेक्टर 29 पार्ट 2 स्थित भाटिया पैकर्स फैक्ट्री में गाड़ी से उतारते समय 500 किलो का पेपर रोल जमीन से जंप कर सुपरवाइजर पर गिर गया। जिसके नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनो को सौंपा। वहीं पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
मजदूर नवदीप ने बताया कि वह सेक्टर 29 स्थित भाटिया पैकर्स में काम करता है। इसी फैक्ट्री में मुकेश चहल (35) पुत्र राम कुमार चहल निवासी पठान मोहल्ला, नई सब्जी मंडी भी काम करता था। मुकेश फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यारत था। सोमवार को सुबह 11 बजे फैक्ट्री में गत्ते के रोल से लद्दी हुई गाड़ी आई। जिसमें करीब 500 -500 किलो के रोल थे। मुकेश गाड़ी के पास नोटबुक लेकर खड़ा हुआ था। वह हिसाब कर रहा था, इसी बीच एक रोल गाड़ी से नीचे गिर गया। रोल जमीन पर गिरकर जंप हुआ जो सीधा मुकेश के उपर जा गिरा। मुकेश को स्थानीय मजदूरों की मदद से रोल के नीचे से निकाला। उसे फैक्ट्री मालिक की गाड़ी में संजय चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टर ने उसे सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया। जब वह सामान्य अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया।
तीन बहनों का इकलौता भाई व तीन बच्चों का पिता था मुकेश
मृतक मुकेश तीन बहनों में इकलौता भाई था। पिता रामकुमार चहल की गत सालों पहले मौत हो चुकी थी। मुकेश शादीशुदा था। उसकी पत्नी सुनिता व तीन बच्चे है। जिनमें दो बेटी व एक बेटा है। मुकेश ने बचपन से ही पिता की मौत के बाद परिवार की भागडौर खुद संभाल ली थी।
पत्नी ने पति से मजदूर की तरह काम करवाने का लगाया आरोप
पत्नी सुनिता ने बताया कि वह आशा वर्कर है। उसका पति फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। मालिक उससे लेबर का काम करवाता था। आरोप है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय भी उससे लेबर का ही काम लिया जा रहा था। अगर वह लेबर का काम नहीं करता तो पति जिंदा होता। वहंीं परिजनो का आरोप है कि मालिक को 500 किलो वजन उठाने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी चाहिए थी, लेकिन उसने पैसे बचाने के लिए आज तक मशीन नहीं मंगवाई और लेबर से ही वजनी भार उठवाता रहा।
वर्जन
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पत्नी की शिकायत पर फैक्टी मालिक राकेश भाटिया के खिलाफ 304 ए के तहत केस दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है, जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- राजवीर सिंह, सेक्टर 29 थाना प्रभारी।