पानीपत। हरियाणा सरकार की सुपर-100 योजना के तहत बढ़ाई गई अतिरिक्त 100 सीटों के लिए आयोजित लेवल-1 चयन परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। अब सफल अभ्यर्थी 19 जुलाई को होने वाली लेवल-2 परीक्षा में भाग लेंगे। अंतिम चयन सूची 23 जुलाई को जारी होगी, जबकि चयनित विद्यार्थियों की निशुल्क आवासीय कोचिंग 25 जुलाई से शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि अतिरिक्त 100 सीटों के लिए 14 जुलाई को लेवल-1 परीक्षा आयोजित की गई थी। पानीपत में परीक्षा का केंद्र राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जीटी रोड बनाया गया था। जिले से 169 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 136 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 33 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे थे। परीक्षा शांतिपूर्ण व पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई थी।
सुपर-100 योजना के तहत सरकारी विद्यालयों के विज्ञान संकाय के मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क आवासीय कोचिंग, अध्ययन सामग्री, आवास और भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इस वर्ष बजट घोषणा के अनुरूप योजना में 100 अतिरिक्त सीटें जोड़ी गई हैं, जिससे अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
वर्जन -
लेवल-1 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सफल अभ्यर्थी अब 19 जुलाई को आयोजित होने वाली लेवल-2 परीक्षा में शामिल होंगे। अंतिम चयनित विद्यार्थियों को 25 जुलाई से सुपर-100 के तहत उच्चस्तरीय निशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। हमें उम्मीद है कि पानीपत के विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
- संदीप कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।