समानखा। डीपीएस पानीपत सिटी में आयोजित सीबीएसई नेशनल गर्ल्स तीरंदाजी चैंपियनशिप के तीसरे दिन वीरवार को खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन वीरवार को अंडर-19 गर्ल्स (इंडियन राउंड) स्पर्धा में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। वीबी चिन्मया विद्यालय की सुखराज कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 640 अंक (40 मीटर में 323 और 30 मीटर में 317) बनाकर ओवरऑल पहला स्थान प्राप्त किया।
स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अन्य खिलाड़ियों में पॉलगहाट लायंस स्कूल की पी आध्या 629 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, आरपीएस पब्लिक स्कूल की क्रिस्पी ने 624 अंक हासिल कर ओवरऑल रैंकिंग में तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्या सोनिया तोमर ने बताया कि चैंपियनशिप 27 सितंबर तक जारी रहेगी। इसमें विभिन्न आयु वर्गों में कई और पदक के फैसले होंगे।