इसराना। शुगर मिल में शनिवार को सुबह छह बजे तक 32.74 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई है। यह हरियाणा के 10 सहकारी व हैफेड के एक मिल सहित 11 शुगर मिलों में सबसे ज्यादा है। शुगर मिल पिछले काफी दिनों से अपनी 50 हजार क्विंटल पेराई क्षमता से भी अधिक 51 व 52 हजार क्विंटल पेराई क्षमता पर चल रहा है। मिल में बिजली बनाने की लगी टरबाइन 25 मेगावाट पर चल रही है। टरबाइन की आठ मेगावाट बिजली से तो शुगर मिल चल रहा है और बाकी बिजली एचवीपीएन के नौल्था सब स्टेशन को एक्सपोर्ट की जा रही है। शुगर मिल द्वारा शनिवार सुबह छह बजे तक दो करोड, 38 लाख यूनिट बिजली एक्सपोर्ट की गई है और शुगर मिल अब तक 15 करोड़ छह लाख रुपये की बिजली बेच चुका है और इस बार 30 करोड़ की बिजली बेचने का लक्ष्य रखा है।
एमडी संदीप कुमार ने बताया कि पानीपत शुगर मिल बिजली बेचने में अब तक प्रदेश के सभी सहकारी एवं निजी मिलों में सबसे पहले स्थान पर है। वहीं पानीपत शुगर मिल का क्षमता उपयोग 93.55 चल रहा है और क्षमता उपयोग में पानीपत शुगर मिल अभी तक प्रदेश के सभी सहकारी एवं निजी शुगर मिलों में सबसे ऊपर है।