मॉडल टाउन में किराये पर रहने वाले मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले किशोर ने मानसिक रूप से परेशान होकर पंखे पर रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। मां ने बेटे के शव को फंदे पर लटका देख शोर मचाया, इसके बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर परिजनों से पूछताछ कर शव को सिविल अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को दे दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के जिला भट्टी के गांव इंदौली का रहने वाले 17 वर्षीय दिपांशु के पिता जसवंत 18 साल पहले पानीपत में शिफ्ट हो गए थे। पिता जसवंत फर्नीचर की दुकान पर काम करते हैं। काम सिखाने के लिए दिपांशु को भी एक फर्नीचर दुकान पर रखवाया था। बुधवार को दिपांशु दुकान पर गया था। वहां से लंच में घर आया तो सीधा अपने कमरे में जाकर लेट गया। दूसरे कमरे में उसकी मां नीलम सोई थी। जब वह लंच के बाद दोपहर दो बजे तक दुकान पर नहीं पहुंचा तो दुकान का मालिक उसे लेने के लिए घर आया और आवाज देकर चला गया। उसकी मां ने चार बजे दिपांशु के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। रोशनदान से झांककर देखा तो दिपांशु का शव पंखे पर फंदे से लटका हुआ था। नीलम ने शोर मचाया और पड़ोसियों को बुलाया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। परिजनों ने बताया कि दिपांशु मानसिक रूप से परेशान था। उसका किसी भी काम में मन नहीं लगता था। इसी परेशानी में उसने फंदा लगाकर जान दी है।