सेक्टर 18 स्थित धागा फैक्टरी में एक श्रमिक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। साथी श्रमिकों ने इसकी सूचना फैक्टरी के मालिक को दी। मालिक ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने श्रमिकों से पूछताछ करने के बाद शव को सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
46 वर्षीय जंगेश्वर पुत्र दशरथ मूल रूप से बिहार के मुतिहारी जिले का रहने वाला था। वो 25 साल से पानीपत की ज्योति कॉलोनी में किराये पर रहता था। वो दो बेटों व दो बेटियों का पिता था। जंगेश्वर वीरवार सुबह साढ़े 8 बजे सेक्टर 18 स्थित धागा फैक्टरी में काम पर गया था। दोपहर 12 बजे उसका शव गोदाम में फंदे पर लटका मिला। अब तक उसके आत्महत्या करने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।