पानीपत। गांव सिवाह के पास रेलवे ट्रैक पर बेटी को लेकर मां ट्रेन के आगे कूद गई। मौके पर दोनों की मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब एक बजे की है। वजह थी पति ने बेटे को थप्पड़ मार दिया था। इससे नाराज होकर पत्नी ने उससे झगड़ाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। जीआरपी थाना पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गांव सिवाह निवासी जयपाल ने बताया कि वह राज मिस्त्री है। वह पत्नी मीनू (36) और बेटे मंजीत (14), साहिल (11) और बेटी राशि (5) के साथ रहता था। बुुधवार को शाम करीब छह बजे उसने बड़े बेटे मंजीत को दूध की थैली लाने के लिए भेजा था। रात आठ बजे मंजीत बिना दूध की थैली लिए घर लौटा तो उसने डांट लगाते हुए बेटे को थप्पड़ मार दिया।
इतने में पत्नी मीनू बीच में आ गई और बेटे पर दोबारा हाथ न उठाने के लिए कहा। इस पर पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। नाराज होकर मीनू बेटी राशि को लेकर घर से निकल गई। उन्हें सुबह छह बजे जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रेन के आगे कूदकर पत्नी और बेटी के आत्महत्या करने की सूचना दी। वह सामान्य अस्पताल पहुंचे और शवों की शनाख्त की।
रात डेढ़ बजे थाने में मिली थी सूचना
रात करीब डेढ़ बजे जीआरपी थाना में ट्रेन ड्राइवर ने एक महिला और बच्चे के ट्रेन के आगे कूदने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वीरवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पति ने बताया कि पत्नी मानसिक रूप से परेशान रहती थी, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठा लिया।
- राजकुमार, जीआरपी थाना प्रभारी