पानीपत। ऐतिहासिक नगरी के 10 स्कूलों के विद्यार्थी मंडल स्तर पर होने वाली विज्ञान प्रश्नोत्तरी में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से पानीपत जिले में आयोजित हो रही दो दिवसीय प्रतियोगिता का आगाज बुधवार को होगा जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में पांच जिले की केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबंधित स्कूलों की सर्वश्रेष्ठ पांच-पांंच टीमें भाग ले रही हैं। जिला स्तर पर हुई प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले स्कूलों की टीमों का मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
हरियाणा राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सौजन्य से जिला स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन अक्तूबर के पहले सप्ताह में किया गया था जिसमें सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिता हुई। चार चरणों की प्रश्नोत्तरी में सही जवाब देने पर पांच टीमों का चयन किया गया। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर परिषद की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है।
दो श्रेणी में होगी प्रतियोगिता
जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार ने बताया कि विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का जिला स्तर पर आयोजन किया जा चुका है। इसमें विजेता रही पांच टीमों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इसको दो श्रेणी में बांटा गया है। श्रेणी ए में सीबीएसई के विद्यार्थी तथा श्रेणी बी में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबंधित स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। श्रेणी ए की प्रतियोगिता 27 नवंबर को तथा श्रेणी बी की प्रतियोगिता 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक मंडल से तीन टीमों का चयन किया जाएगा जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
इन जिलों की टीमें ले रहीं भाग
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन इस बार ऐतिहासिक नगरी पानीपत में किया जा रहा है। इसमें पानीपत, करनाल, सोनीपत, रोहतक तथा झज्जर जिले की टीमें भाग ले रही हैं। विजेता रहने वाली तीन-तीन टीमों को नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगी ये पुरस्कार राशि
स्थान पुरस्कार राशि
प्रथम 20 हजार रुपये
द्वितीय 15 हजार रुपये
तृतीय 12 हजार रुपये
ये टीमें करेंगी अपने ज्ञान कौशल का प्रदर्शन
ग्रुप- ए : सीबीएसई स्कूल
- राजकीय मॉडल संस्कृति व. मा. वि जीटी रोड से यश मित्तल, कार्तिक गखर व खुशबू।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ मा. वि. मतलौडा से शिवानी शर्मा, परीक्षित कौशिक व आकांक्षा देवी।
- अपोलो इंटरनेशनल स्कूल समालखा से मन्नत, अंकृति व सक्षम छोक्कर।
- डीपीएस पानीपत रिफाइनरी से मानिनी राज, गुरप्रीत कौर व मिस्सी मलिक।
- एसडीवीएम हुडा पानीपत से आर्हव गोयल, सारांश व क्षितिज त्यागी।
ग्रुप -बी : हरियाणा बोर्ड
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तहसील कैंप से पियुष, साहिल व मुकुल।
- शिवाशक्ति वरिष्ठ मा. विद्यालय मांडी से दीक्षा, सौरभ व शिवम।
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कृष्णपुरा से अभिषेक, दीपिका व वासु कुमार।
- आरोही मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छाजपुर से आरती, अर्जुन व तनीश।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उग्राखेड़ी से साक्षी, खुशी व सोहेल।
वर्जन-
जिले में दो दिवसीय मंडल स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार से शुरू हो रहा है। इसमें जिला स्तर पर विजेता पांच टीमें भाग लेेंगी। पहले दिन सीबीएसई तथा दूसरे दिन एचबीएसई बोर्ड से संबंधित स्कूलों की चयनित टीमें अपना कौशल दिखाएंगी। प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- संदीप कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।