पानीपत। जिले के पीएमश्री स्कूलों में अब व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत बच्चों को कंप्यूटर प्रौद्योगिकी जैसे कौशल सीखने को मिलेंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को भविष्य में कॅरिअर और रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना है। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से सभी जिला परियोजना संयोजकों को पत्र जारी किया है। जिले के 11 पीएमश्री स्कूलों के लिए करीब 10.15 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
जिन स्कूलों में वोकेशनल कोर्स चलाए जा रहे हैं, उन स्कूलों के नौवीं के छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी, कौशल प्रशिक्षण, उद्योग भ्रमण और इंटर्नशिप की जानकारी दर्ज कर छात्रों की प्रोफाइल तैयार की जाएगी। प्रत्येक छात्र का पोर्टफोलियो तैयार किया जाएगा जिसमें उनकी रिपोर्ट, उत्पादों की तस्वीरें और कौशल गतिविधियों का विवरण होगा। इससे न केवल छात्रों की प्रगति को देखा जाएगा बल्कि उनके कॅरिअर मार्गदर्शन में भी मदद मिलेगी।
छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों रिसोर्स पर्सन की तरफ से मार्गदर्शन और परामर्श दिया जाएगा। विशेषज्ञ छात्रों को रोजगार अवसर, उद्योग की प्रवृत्ति और स्व-रोजगार के विकल्पों के बारे में जानकारी देंगे। परामर्शदाता को प्रति यात्रा 1000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। प्रधानाचार्य और शिक्षक आईटीआई, बहुतकनीकी संस्थान और विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों को आमंत्रित करेंगे।
व्यावसायिक शिक्षा के महत्व के प्रति छात्रों को फ्लेक्स, चार्ट, बैनर और मॉडल माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इसमें छात्रों व उनके अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा। प्रधानाचार्य और व्यावसायिक शिक्षक मिलकर माता-पिता को बच्चों के कॅरिअर विकल्पों और व्यावसायिक प्रशिक्षण की जानकारी देंगे।
छात्रों को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने के लिए पाठ्यक्रमों में बढ़ई, नलसाजी, विद्युत कार्य और कंप्यूटर प्रौद्योगिकी जैसे व्यावहारिक कौशल शामिल किए गए हैं। व्यावसायिक शिक्षा को स्कूल पाठ्यक्रम में एकीकृत किया जा रहा है ताकि छात्रों को कम उम्र से ही व्यावसायिक अनुभव मिल सके। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को पॉलिटेक्निक, आईटीआई और स्थानीय उद्योगों के साथ सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
बॉक्स
प्रयोगशाला, स्टेशनरी और इंटरनेट सुविधा
हर स्कूल में व्यावसायिक कौशल के लिए प्रयोगशाला बनेगी। छात्रों को इंटरनेट सुविधा भी प्रदान की जाएगी ताकि वह कौशल के क्षेत्र में नवीनतम जानकारी से अवगत रह सकें। जिला कार्यक्रम समन्वयक और स्कूल प्रधानाचार्य के साथ तीन सदस्यीय समिति खर्च का रिकॉर्ड रखेगी।
वर्जन-
पीएमश्री स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से पत्र जारी हुआ है। इसके लिए बजट भी मिला है ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दी जाए। जल्द ही स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से जिले में यह कार्यक्रम शुरू करवाया जाएगा। - राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।