पानीपत। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो चुकी हैं। बोर्ड ने इस वर्ष उत्तर पुस्तिका लिखने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। परीक्षार्थियों को अब विषय और सेक्शन के अनुसार ही उत्तर लिखने होंगे। बोर्ड का कहना है कि इससे मूल्यांकन अधिक पारदर्शी और त्रुटि रहित होगा। हालांकि, बोर्ड के इस अपडेट ने कई छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता भी बढ़ा दी है।
विद्यार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रश्नपत्र के प्रत्येक सेक्शन के उत्तर उसी क्रम में अलग-अलग लिखें। यदि प्रश्नपत्र में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के अलग सेक्शन हैं, तो उत्तर भी उसी क्रम में लिखने होंगे। यदि उत्तर गलत सेक्शन में लिखा गया तो मूल्यांकन में कठिनाई हो सकती है और अंक प्रभावित होने की संभावना रहेगी।
परीक्षार्थियों को प्रश्न संख्या और सेक्शन स्पष्ट लिखने पर ध्यान देना है। विशेषज्ञों का कहना है कि सेक्शन-वाइज उत्तर लिखना जटिल नहीं, बल्कि प्रस्तुति का व्यवस्थित तरीका है। विद्यार्थी उत्तर लिखने से पहले प्रश्नपत्र का क्रम देख लें और उसी अनुसार स्थान निर्धारित करें। बोर्ड का मानना है कि स्पष्ट दिशा-निर्देशों से मूल्यांकन में एकरूपता आएगी और परिणाम प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी।