समालखा। पुलिस ने शनिवार को वजीरपुर टिटाना गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक कार्यक्रम किया। इसके साथ विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई।
नशा मुक्त अभियान के जिला में नोडल अधिकारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि जीवन में किसी लक्ष्य को प्राप्त करना है तो हमें नशे से दूर रहना होगा। नशे से दूर रहेंगे तो जीवन में हर वह लक्ष्य पा सकते हैं जिसकी हम कल्पना करते हैं।
नशा एक ऐसी चीज है जो हमारे सपनों को तो खत्म करता ही है साथ ही हमें अंदर से खोखला भी बनाता है। आज का युवा अपने मकसद और अपने सपनों से सिर्फ इसलिए भटक रहा है क्योंकि वह नशे की गिरफ्त में जा रहा है। यह एक गंभीर समस्या है। युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा स्कूल, कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है।
उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने कहा कि नशा शरीर और मस्तिष्क पर बहुत गलत प्रभाव डालता है। नशा का आदी होना आसान है परंतु इसकी लत से छुटकारा पाना मुश्किल है। नशा व्यक्ति के शरीर के लिए तो हानिकारक है और यह अपराध करने का मुख्य कारण भी बनता है।