थर्मल। डीएवी पब्लिक स्कूल थर्मल में बुधवार को अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के 10 मेधावी विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा में भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ निर्धारित समय में प्रश्न पत्र हल किया।
ओलंपियाड की को-ऑर्डिनेटर रेणु घणगस मिटान ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की विषयों पर पकड़ मजबूत होती है। साथ ही उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना और अपनी प्रतिभा साबित करने का आत्मविश्वास विकसित होता है। विद्यालय की प्रिंसिपल भव्या शर्मा ने अमर उजाला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नेशनल ओलंपियाड विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता परखने का अवसर देता है। इससे उनकी छिपी प्रतिभा निखरती है और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलती है।