- आईबी कॉलेज में दिवाली हाट में 20 उद्यमियों और 40 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, दूसरे स्कूलों के 500 विद्यार्थियों ने भी किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। आईबी पीजी कॉलेज में प्लेसमेंट एवं कॅरिअर गाइडेंस सेल ने मेधा के सहयोग से बुधवार को कैंपस हुनर: यूथ प्रेन्योर दिवाली हाट का आयोजन किया। इसमें विद्यार्थियों ने अपने हुनर और उद्यमशीलता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई और बिक्री की। हाट में 20 उद्यमियों और 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया और कुल 50 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री हुई। दूसरे विद्यालयों के 500 विद्यार्थियों ने भी हाट का भ्रमण किया।
हाट में घर पर बने खाद्य पदार्थ, हस्तनिर्मित आभूषण, कढ़ाई व क्रोशिया की वस्तुएं, डिजाइनर मिट्टी के दीये, सुगंधित मोमबत्तियां और दीपावली की सजावटी सामग्री आकर्षण का केंद्र रहे। मेहंदी, नेल आर्ट, खेल और अन्य गतिविधियों ने भी विद्यार्थियों को आकर्षित किया।
मुख्यातिथि भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नवाचार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं और उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। प्रबंधन समिति के महासचिव एलएन मिगलानी ने पहल की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह और उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देकर स्वरोजगार के लिए तैयार करते हैं। सेल की संयोजक डॉ. अर्पणा गर्ग और कार्यक्रम संयोजक पवन कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने आयोजन में सहयोग दिया।
13