पानीपत। दिल्ली पैरलल नहर पर सिठाना गांव के पास मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने बी-फार्मेसी के एक छात्र को गोली मारकर मोबाइल लूट लिया।
गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र को गंभीरावस्था में पीजीआई रोहतक में दाखिल कराया गया है। छात्र को दिनदहाड़े गोली मारने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सीआईए वन और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी।
घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। सिठाना निवासी कुलदीप दोपहर के समय दिल्ली नहर पर टहलने के लिए आया था। वह मोबाइल पर गाना सुन रहा था। इसी बीच मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए। इनमें से सबसे पीछे बैठे एक बदमाश ने उसकी पीठ पर पिस्तौल तान दी और मोबाइल देने की धमकी दी। कुलदीप ने बदमाशों का विरोध किया तो हाथापाई हो गई।
इसी बीच एक बदमाश ने कुलदीप के सीने में गोली मार दी और उसका मोबाइल लूटकर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। कुलदीप गोली लगते ही घर की तरफ भागा और ग्रामीण उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन शरीर से गोली न निकल पाने के कारण उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
परिवार के लोगों ने कुलदीप को पहले पीजीआई खानपुर में दाखिल कराया, लेकिन तबीयत बिगड़ने के चलते उसको पीजीआई रोहतक ले गए। परिजनों ने बताया कि कुलदीप कुरुक्षेत्र में बी-फार्मेसी द्वितीय वर्ष का छात्र है और छुट्टियों में घर पर आया हुआ है। उसके पिता इंश्योरेंस कंपनी में तैनात हैं। डॉक्टरों की सूचना मिलते ही सीआईए वन प्रभारी जगदीप दूहन और माडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी।
सुताना गांव में दिनदहाड़े छात्र को गोली मारने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि उस समय कुछ महिलाएं कपड़े धो रही थी और कुलदीप भी उनके नजदीक ही खड़ा था। महिलाएं मोटरसाइकिल सवार बदमाशों और कुलदीप के बीच हाथापाई को मामूली मान बैठीं। वे इस मामले को समझ पातीं कि इससे पहले बदमाश गोली मारकर फरार हो गए।
कुलदीप को गोली लगने के बाद सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां पर डॉक्टरों व स्टाफ के हाथ पांव फूल गए। डॉक्टर कुलदीप के सीने में लगी गोली नहीं निकाल सके। उसे तुरंत रेफर कर दिया। परिजनों के डॉक्टर के कहने पर उसका एक्सरे कराया और शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए।