पानीपत। सेक्टर-12 में ट्यूशन पर आए 10 वीं कक्षा के एक छात्र का पांच युवकों ने अपहरण कर लिया। वे उसको कार में सेक्टर 12 स्थित एक सुनसान जगह लेकर गए। यहां उसकी पिटाई की। उसकी वीडियो भी बनाई। कान पर लगी चोटों के कारण छात्र अब सुनने में असमर्थ है।
इसके बाद आरोपी उसे ट्यूशन सेंटर के बाहर छोड़ गए। छात्र ने घर आकर अपने पिता को आपबीती बताई। पिता ने बेटे का मेडिकल करा इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। रिसालू गांव निवासी बलकार ने बताया कि उसका बेटा रणविजय 10वीं कक्षा में पढ़ता है।
रणविजय स्कूल आने के बाद सेक्टर 12 स्थित एक अकादमी पर ट्यूशन पढ़ने जाता है। रविवार सुबह वह अपनी ओला स्कूटर पर ट्यूशन पर गया था। सुबह 11:20 मिनट पर एक कार ट्यूशन सेंटर के बाहर खड़ी थी। जैसे ही रणविजय ट्यूशन सेंटर से बाहर निकला। उसने आरोप लगाया कि कार में मलिक एन्क्लेव निवासी जयेश, सेक्टर 24 निवासी बकुल, अभिज्ञान, दीक्षांत व कृष्णा ने रणविजय को जबरदस्ती कार में बैठा लिया। वह रणविजय को सेक्टर 12 में सुनसान जगह पर ले गए। यहां उसकी जमकर पिटाई की। उसके दोनों कानों पर चोट मारी गई। आरोपियों ने उसकी वीडियो भी बनाई। इसके बाद वह उसे वापस ट्यूशन सेंटर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने किसी से इस बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
चांदनी बाग पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित को साथ लेकर घटनास्थल देखा गया है। पूरे मामले की गहन जांच चल रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।ा