जनता समाधान शिविर में समस्या रखते लोग। स्रोत : सूचना विभाग
पानीपत। प्रशासन ने देर रात तक डीजे बजाने पर सख्ती कर दी है। रात को दस बजे के बाद डीजे नहीं बजाया जा सकेगा। प्रशासन ने डीजे बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने वीरवार को जनता समाधान शिविर में अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं। अधिकारी अब शादी का सीजन शुरू होने पर बैंक्वेट हाल संचालकों की भी बैठक लेंगे, इसके साथ जनता समाधान शिविर में 18 लोगों ने अपनी शिकायत दी। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए।
जनता समाधान शिविर वीरवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर लगाया गया। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्वयं जन शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर में दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को शिविर अनुपस्थित रहने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाया जाएगा। ऐसा करने पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी इसका पालन करें, इसमें किसी प्रकार की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल सुनवाई का मंच नहीं, बल्कि समाधान की गारंटी है। जिला परिषद से जुड़ी हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाएगा। किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका हक मिलने से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
शहर में सफाई के लिए तैयार निगम
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि नगर निगम से संबंधित समस्याओं जैसे पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। शिविर में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा में किया जाएगा और जनता को राहत दिलाई जाएगी। पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। चोरी, कानून व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित मामलों में त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। डीडीपीओ राजेश शर्मा ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ जरूर मिलेगा।
मकान से चोरी का सामान बरामद कराने की मांग
शिविर में 18 लोगों ने अपनी शिकायत रखी, इनमें अधिकांश फैमिली आईडी में आय कम करवाने, पेंशन बनवाने और पुलिस विभाग से संबंधित रहीं। रेखा ने अपने खेत की जमीन के लिए पानी के प्रबंध की मांग की। कौशल्या ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। नांगल खेड़ी गांव के यशपाल ने अपने मकान में हुई चोरी का सामान बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जनता समाधान शिविर में समस्या रखते लोग। स्रोत : सूचना विभाग