पानीपत। अब शहर में लगी स्ट्रीट लाइटों को बंद करने के लिए मैनपावर की जरूरत नहीं होगी। ये सभी लाइटें सूरज की पहली किरण निकलने पर ऑटोमेटिक बंद हो जाएंगी और रात को अपने आप जगमगाने भी लगेंगी। निगम शहर में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों को आधुनिक लाइटिंग सिस्टम से जोड़ने जा रहा है। जिसे इस तकनीक युग में सीसीएमएस का नाम दिया गया है। ये एक ऐसा पैनल होगा जहां से शहर की सभी लाइटों को ऑन ऑफ करने के साथ इनकी मॉनिटरिंग भी की जा सकेगी। सीसीएमएस का मतलब (सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) होता है। इसे विशेष तौर पर शहर में लगने वाली नई लाइटों के लिए अपनाया जाएगा लेकिन बाद में इसे पुराने लाइटों से भी जोड़ दिया जाएगा।
गौरतलब है कि आम तौर पर शहर की सड़कों पर लगी एलईडी लाइटों को दिन में भी जलते हुए देखा जा सकता है। इससे बिजली की खपत भी बढ़ती है और लाइटों के हर वक्त जलने से उनकी क्षमता भी घटती है। इससे लाइटें और उपकरण खराब होने का डर भी बना रहता है। इन लाइटों को रोजाना खाेलने और बंद करने के लिए मैनपावर भी चाहिए होती है। दूसरी ओर हर लाइट पर एक स्विच भी लगाना होता है। इसे देखते हुए निगम ने इस प्रणाली का उपयोग करने का फैसला लिया है। इस प्रोजेक्ट के लिए निगम अब एजेंसी हायर करने जा रहा है। जिसके लिए निगम ने निविदाएं मांगी हैं। प्रोजेक्ट में काम की लागत के अलावा शहर का सर्वे भी शामिल है। सर्वे से पता चल सकेगा कि ताकि शहर में कौन सी जगह लाइटों की आवश्यकता अधिक है और कौन सी जगह कम। पुरानी लाइटें कितनी लगी हैं और नई लाइटें कहां लगाई जाएंगी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर की सड़कों पर दिन में जलने वाली स्ट्रीट लाइटें और इनको ऑन-ऑफ न होना उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इस स्वचालित सिस्टम यानी ऑटोमेटिक ऑन-ऑफ व्यवस्था से लाइटों को बंद चालू करने के लिए भी लोगों की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना के तहत शहर में उर्जा बचत व बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए 16 हजार नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही हैं। इस अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइट प्रणाली को बेहतर तकनीक के माध्यम से संचालित किया जाना है। सीसीएमएस पैनल से ऑटोमेटेड टाइमर सिस्टम द्वारा पूर्व निर्धारित समय पर स्ट्रीट लाइट खुद ही चालू और बंद होगी। इनमें एक निश्चित अवधि के लिए टाइम सेट किया जाएगा। जैसे शाम को छह या सात बजे लाइटें चालू होंगी और सुबह छह या सात बजे बंद हो जाएंगी।
वर्जन:
शहर की नई एलईडी लाइटों को स्वचालित करने के लिए इनको सीसीएमएस पैनल से जोड़ने का फैसला लिया गया है। ये काम एजेंसी करेगी। एजेंसी के लिए निविदा मांगी गई है। इससे बिजली के साथ मैनपावर की भी बचत होगी।
गौरव कुमार, जेई, नगर निगम।