संवाद न्यूज एजेंसीपानीपत। 79वें संत निरंकारी समागम को देखते हुए भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर 31 अक्तूबर तक 43 ट्रेनों का ठहराव बुधवार से शुरू हो गया है। इनमें पैसेंजर, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें शामिल हैं। वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बुधवार सुबह से ही स्टेशन पर समागम में शामिल होने वाले यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। यात्रियों को समागम स्थल तक पहुंचने और जरूरी जानकारी देने के लिए महिला और पुरुष
सेवादारों की ड्यूटी लगाई गई है। स्टेशन पर जीआरपी के पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
इन ट्रेनों का होगा ठहराव : भोड़वाल माजरी स्टेशन पर कटिहार एक्सप्रेस, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, सर्वोदय एक्सप्रेस, शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस सहित 43 ट्रेनों का ठहराव निर्धारित किया गया है।
स्टेशन अधीक्षक मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि समागम को देखते हुए 43 ट्रेनों का ठहराव तय किया गया है। इनमें पैसेंजर, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें शामिल हैं। वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस को इस सूची में शामिल नहीं किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।