पानीपत। प्रजातंत्र का फेस्टिवल यानी मतदान वीरवार को है। इस बार लोगों को 13वीं लोकसभा के लिए मतदान है। यहां से चुने गए सदस्य जाते हैं संसद यानी देश की सबसे बड़ी पंचायत में। यहीं पर बनती हैं योजनाएं और उन पर लगती हैं फाइनल मुहर। इसी पंचायत में बैठने से पहले इसके सदस्यों को जरूरत है आपकी एक मुहर यानी मतदान की। ऐसे में देश के निर्माण में आप कम नहीं हैं और न ही खुद को कम आंके। इस बार लोकसभा के लिए मतदान के लिए आगे आएं और शत प्रतिशत मतदान कर देश की सबसे बड़ी पंचायत को मजबूत बनाएं।
चुनाव प्रचार मंगलवार को थम गया। अब एक दिन मतदाताओं को सोचने का समय है। औद्योगिक नगरी पानीपत बेशक करनाल लोकसभा का हिस्सा है। लेकिन यहां के मतदाताओं का संसद को मजबूत बनाने में पूरा योगदान है। पिछली बार जिले में 65.03 प्रतिशत मतदान हुआ था। अबकी बार इस को 100 प्रतिशत तक पहुंचाना है।
महिलाएं भी पुरुषों की बराबर खड़ी
जिले में पुरुष मतदाताओं की बराबरी में महिला मतदाता खड़ी हैं। जिले में कुल 721450 मतदाता हैं। इनमें 393527 पुरुष मतदाता हैं और महिला की बात करें तो उनकी संख्या 327923 है। इसलिए महिलाओं का मतदान भी जरूरी है।
प्रदेश में लोकसभा चुनाव का मतदान प्रतिशत
साल प्रतिशत
1967 72.61
1971 64.35
1977 73.26
1980 64.76
1984 66.84
1989 64.41
1991 65.84
1996 70.48
1998 68.99
1999 63.68
2004 65.72
2009 67.72
पसंद नहीं तो नाटो दबाएं
मतदाताओं को कोई भी उम्मीदवार पसंद नहीं है। वे ऐसे में भी अपना मतदान कर सकते हैं। इसके लिए वे नाटो का बटन दबा सकते हैं। यह बटन उम्मीदवारों के चुनाव चिह्न से सबसे आखिर में है। करनाल लोकसभा में 23 उम्मीदवार हैं और उनको चुनाव चिह्न दिए हैं। यानी 24वां बटन नाटो का होगा।
ये साथ लेकर आएं
मतदाताओं को मतदान के लिए वोटर आईडी कार्ड साथ लाना होगा। किसी कारणवश मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड नहीं है तो वे फोटोयुक्त अन्य प्रूफ ले जा सकता है। इसमें पासपोर्ट, बैंक की फोटोयुक्त पासबुक, आधार कार्ड, स्मार्ट कार्ड, आफिस आईडी कार्ड, आर्म्स या ड्राइविंग लाइसेंस साथ लेकर आ सकता है। इनको उसकी आईडी पक्की हो जाएगी।
वोटर स्लिप नहीं है तो घबराएं नहीं
चुनाव आयोग ने इस बार हर मतदाता तक उसके वोट की फोटोयुक्त स्लिप देने का फैसला लिया है और हर मतदाता तक पहुंचाने का प्रयास किया है। इसके लिए स्पेशल स्टाफ भी नियुुक्त है। फिर भी किसी मतदाता को स्लिप नहीं मिल पाई है या फिर गुम हो गई है तो वे इसकी चिंता न करें। उनको मतदान केंद्र के बाहर किसी पार्टी विशेष के कार्यकर्ता से स्लिप लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां पर बीएलओ तैनात रहेगा और मतदाताओं को मांगने पर स्लिप देगा।
फर्जी वोट डल गई तो टेंडर वोट मांगे
किसी मतदाता का मत उसकी अनुपस्थिति में मतदान कर दिया है तो वे मतदान केंद्र पर किसी तरह का विवाद खड़ा न करें और न ही वापस आएं। वे अपने प्रसाइडिंग आफिसर को यह सब बताएं। वे इसकी जांच करेंगे और जांच के दौरान ऐसा कुछ मिलता है तो उनको टेंडर वोट दिया जाएगा। मतदाता अपने टेंडर वोट का अपने उम्मीदवार के हक में प्रयोग कर सकता है।
मतदान के लिए जाने का समय
मतदान सुबह सात बजे शुरू हो जाएगा और सायं के छह बजे तक चलेगा। छह बजे के बाद मतदान केंद्र पर हाजिर मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। मतदाता इस बीच कभी भी जा सकते हैं।
दिक्कत हो तो यहां करें संपर्क
मतदान के दिन किसी मतदाता को कोई परेशानी है और पोलिंग अधिकारी किसी तरह की सुनवाई नहीं करता है तो वे चुनाव कार्यालय में फोन कर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम में भी सूचना दे सकते हैं।
ये हैं नंबर : 0180-2645001, 0180-2654282, 100
अतिरिक्त ईवीएम का भी इंतजाम
मतदान केंद्र पर किसी तरह से ईवीएम में कोई तकनीकी खामी आ जाती है तो तुरंत समाधान किया जाएगा। जिले में इसको लेकर तकनीकी अधिकारी और कर्मचारियों की टीम रहेगी। इसके अलावा ईवीएम खराब होने पर दूसरी ईवीएम रख दी जाएगी।
प्रशासन भी कर चुका जागरूक
चुनाव आयोग द्वारा इस बार मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूकता का अभियान चलाया था। इसमें स्कूल और कालेज समेत अन्य शिक्षण संस्थाओं का सहयोग लिया था। एक संस्था द्वारा इसको लेकर हर कालेज में रंगकर्मियों की मदद से लघु नाटक दिखाया था। चुनाव आयोग इस बार अभियान को मतदाता प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग की दृष्टि से देखता है।
ऐसे चलेगी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था
मतदान के दिन ट्रांसपोर्ट व्यवस्था सामान्य दिनों की तरह रहेगी। ऐसे में मतदान के लिए आने और मतदान कर जाने वालों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। रोडवेज डिपो पानीपत के महाप्रबंधक सुलतान सिंह ने बताया कि लोकसभा के मतदान के दिन लंबी दूरी और लोकल मार्गों पर बसें चलेंगी।
आपके जिले के वोटर एक नजर में
विस क्षेत्र मतदाता नौकरीशुदा कुल
पानीपत ग्रामीण 191228 238 191466
पानीपत शहर 193355 84 193439
इसराना 158116 659 158775
समालखा 177176 594 177770
कुल 719875 1575 721450
पानीपत ठंडा और समालखा गर्म
चुनाव के दौरान लड़ाई झगड़े और अन्य विवाद के मामले में समालखा विधानसभा सबसे गर्म और पानीपत शहर सबसे ठंडा है। पानीपत ग्रामीण हलका भी काफी गंभीर विधानसभा है। सरकारी आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो समालखा विधानसभा में 115 बूथों पर मतदाता और कार्यकर्ता कुछ भी हरकत सकते हैं। इनमें 70 बूथ अति संवेदनशील और 45 संवेदनशील बूथ हैं। पानीपत ग्रामीण इसमें दूसरे नंबर पर है और यहां पर 38 अति संवेदनशीन और 65 संवेदनशील बूथ हैं। पानीपत शहर चारों विधानसभा क्षेत्रों में सबसे शांत हैं। यहां पर 22 अति संवेदनशील और पांच संवेदनशील बूथ ही हैं।
विस संवेदनशील अति संवेदनशील कुल
पानीपत ग्रामीण 65 38 103
पानीपत शहर 05 22 27
इसराना 34 53 87
समालखा 45 70 115
कुल 149 183 332
वर्जन
पुलिस ने भी कस ली है कमर
पुलिस ने भी लोकसभा चुनाव के शांतिपूर्वक कराने को लेकर कमर कस ली हैं। जिला पुलिस के अलावा गुजरात पुलिस, सीआईएसएफ और स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स की तीन कंपनी पहुंच गई हैं। पुलिस दस्ता लगातार शहर व ग्रामीण क्षेत्र में लैग मार्च किया जा रहा है। चुनाव के दौरान पुलिसकर्मी निष्पक्ष व ईमानदारी के साथ डयूटी करेंगे। किसी मतदान केंद्र पर कानून से खिलवाड़ नहीं होने दी जाएगी। पुलिस कानून तोड़ने व शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी।
बी. सतीश बाल, एसपी पानीपत
वर्जन
प्रशासन का एक संदेश
लोकसभा को लेकर मतदान 10 अप्रैल को है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान चलाया गया था। जिले के मतदाता जागरूक हुए है। इस बार मतदान प्रतिशत काफी बढ़ने की उम्मीद है। मतदाताओं को देशहित में मतदान के लिए आगे आना चाहिए और निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए। उनका एक वोट देश को मजबूती लाने वाला होगा।
अजीत बालाजी जोशी, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पानीपत