पानीपत। महाकुंभ खेल प्रतियोगिता के लिए जिले में वीरवार को दो दिवसीय ट्रायल शुरू हुआ। पहले दिन 26 खेलों में करीब एक हजार खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने चयन के लिए जमकर पसीना बहाया। शिवाजी स्टेडियम, सिवाह गांव स्टेडियम और इसराना गांव के स्टेडियम में ट्रायल वीरवार सुबह शुरू किया। शिवाजी स्टेडियम में ताइक्वांडो का ट्रायल हुआ। जिसमें 12 लड़के और आठ लड़कियों का चयन किया गया। जिसमें चार खिलाड़ी शिवाजी स्टेडियम में ही कोच पूनम के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। खिलाड़ी मानसी, तन्नु, राजकुमार और कार्तिक ने बताया कि ट्रायल के लिए वह काफी समय से अभ्यास कर रहे हैं। जिसके फलस्वरूप ट्रायल में उनका चयन हुआ है। वह 11 से 13 जुलाई को आयोजित होने वाले महाकुंभ में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने जिला और राज्य स्तर पर कई पदक हासिल किए है। कोच पूनम के सहयोग से ही यह संभव हो पाया है। वाॅलीवाॅल में 26 खिलाड़ियोंं में से 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन होने के लिए खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। जिमनास्टिक ट्रायल को किसी कारणवश रोकना पड़ा। स्थगित हुए ट्रायल को शुक्रवार को आयोजित किए जाएंगे। दो दिवसीय ट्रायल में खिलाड़ियों के चयन के बाद उन्हें लगातार अभ्यास करने के निर्देश दिए है। जिससे उनकी खेल प्रतिभा में निखार आ सके। महाकुंभ खेल का आयोजन 11 से 13 जुलाई और 15 से 17 जुलाई को किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी धुरेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि जिले में कई जगह 26 खेलोंं के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जा रहे हैं।