पानीपत। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जल्द स्पोर्ट्स किट की सौगात मिलेगी। शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए करीब 8.12 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। इसके तहत प्रत्येक स्कूल को तीन स्पोर्ट्स किट दिए जाने की योजना है। स्पोर्ट्स किट बांटने के लिए तीन निजी कंपनियों को ठेका दिया गया है।
दरअल, प्रदेश सरकार व शिक्षा निदेशालय की ओर से राजकीय स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां करवाकर प्रतिभा निखारने का मौका दिया जाता है। वहीं, खेलों में कॅरिअर बनाने के लिए इधर विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा हैं। इसे देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने राजकीय स्कूलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए स्कूलों में स्पोर्ट्स किट बांटने की तैयारी की है। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने बजट भी जारी कर दिया है।
योजना के तहत प्रदेश सहित जिले के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए स्पोर्ट्स किट बांटी जाएगी। इस किट में खिलाड़ियों के लिए खेलने के उपकरण व अन्य सामान मौजूद होगा। स्पोर्ट्स किट बांटने के लिए तीन निजी कंपनियों को ठेका दिया गया है। इनमें एक्सेल स्पोर्ट्स कंपनी, पटियाला, फिट्स स्पोर्ट्स कंपनी लखनऊ और सोशल इंटरनेटिव प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
इन कंपनियों को इस काम के लिए करीब आठ करोड़ 12 लाख रुपये का फंड जारी किया गया है। ये प्रदेश के राजकीय प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को खेलों का सामान जारी करेंगी। स्कूलों में 8693 प्राइमरी, 2412 मिडिल, 3295 सेकेंडरी तथा सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।
विद्यालयों को दिया जाएगा ये सामान
फुटबॉल, वॉलीबाल, कोन मार्किंग,
खो-खो पोल, मेडिसन बॉल, लूडो सेट,
क्रिकेट बैट, स्टॉप हैंडीबॉल, सोर्स कैन,
चेस सेंट, फुट पंप
शिक्षा निदेशालय की ओर से सरकारी स्कूलों में स्पोर्ट्स किट बांटने के लिए फंड जारी किया जाता है। बताया जा रहा है कि निजी कंपनियों को प्रदेश भर के लिए करीब आठ करोड़ 12 लाख रुपये का फंड जारी किया गया है। इससे निजी कंपनियां स्कूलों में किट बांटेंगी। - रमेश चहल, सहायक परियोजना अधिकारी, पानीपत।