पानीपत। अयोध्या के लिए शनिवार रात 10 बजे रवाना हुई आस्था स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को खराब खाना मिलने का वीडियो वायरल हुआ है। खास बात यह है कि वीडियो ट्रेन में सवार व्यक्ति की ओर से ही वायरल की गई है, जिसमें बताया गया है कि ट्रेन में खराब खाना मिलने से यात्रियों में रोष है। इस संबंध में यात्रियों की ओर से रेलमंत्री और प्रधानमंत्री को भी ट्वीट कर जानकारी दी गई है।
गौरतलब है कि अयोध्या में रामलला दर्शन के लिए पानीपत के प्रत्येक यात्री से 1100 रुपये लिए गए थे। इसमें उन्हें निशुल्क खाना भी दिया जाना था। बताया जा रहा है कि यात्रियों को दर्शन करवाने के बाद सोमवार सुबह वापसी में पानीपत आ रहे यात्रियों ने ट्रेन में खराब खाने को लेकर आपत्ति जताई, लेकिन इसकी सुनवाई नहीं की गई। इस पर यात्रियों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल किया। साथ ही ट्वीट कर रेलमंत्री और प्रधानमंत्री से भी इसकी शिकायत की, जिसके बाद आनन-फानन यात्रियों को दूसरा खाना दिया गया।
इस संबंध में वायरल वीडियो में बताया गया कि सोमवार सुबह के समय यात्रियों को नाश्ते में जो खाना दिया गया उसे खाकर बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई। खाने में जो पूरियां परोसी गई, वह बहुत सख्त थी, इसे खाने से यात्री बीमार हो सकते हैं। विदित हो कि उक्त ट्रेन में करनाल, पानीपत और पंचकूला से करीब 700 यात्री रवाना हुए थे। यह ट्रेन सोमवार की शाम साढ़े सात बजे के करीब पानीपत वापस पहुंची है।