पानीपत। हरिसिंह चौक से लेकर बस स्टैंड तक के रूट पर सवारियों को लाने और ले जाने का काम करने वाले ई-रिक्शा चालकों पर अब ऑटो और थ्री व्हीलर वाले हावी हो रहे हैं। ई-रिक्शा चालकों के साथ मारपीट की जाती है। उनकी सवारियों को भी उतार दिया जाता है। ऐसे में ई-रिक्शा चालक काफी परेशान हैं। इसे लेकर इस रूट पर ई- रिक्शा चलाने वाले करीब 30 लोगों ने वीरवार को सचिवालय में पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन भी सौंपा। जिसमें उन्होंने एसपी से उनको बचाने की गुहार लगाई है।
ई-रिक्शा चालक सुरेश, बिट्टू, विक्रम, अजय, सीताराम, बलदेव, हीरा, सुनील और अमन ने एसपी को दी शिकायत में कहा कि उनके रूट पर चार ऑटो वाले इनको लेकर बेहद परेेेशान हैं। उनको गालियां दी जाती हैं, उनके साथ मारपीट भी की जाती है। सवारी अगर ई-रिक्शा में बैठी हो तो उसे भी उतार दिया जाता है। इनकी गुंडागर्दी काफी बढ़ी हुई है। उनके डर से कुछ ने तो ई-रिक्शा चलानी तक छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि उनमें से कई लोग तो किराए पर रिक्शा चलाते हैं और कई ने बैंक से लोन लेकर रिक्शा खरीदी है। ऐसे में काम बंद हुआ तो बैंक की किस्तें भी जमा नहीं हो सकेंगी और वे रोड पर आ जाएंगे। सभी रिक्शा वालों ने अपने हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर देकर एसपी से दंबग ऑटो चालकों पर कार्रवाई की मांग की है।