पानीपत। आठ महीने पहले हाथ में चोट लगने के बाद हार न मानने वाली सोनिया ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीता है। सोनिया ने पांच फरवरी को हिमाचल में हुई नेशनल हैंडबॉल स्कूल गेम्स में पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। सोनिया इससे पहले दो बार राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी है लेकिन यह उसका राष्ट्रीय स्तर पर पहला पदक है।
एक से पांच फरवरी तक हिमाचल में हुई नेशनल हैंडबॉल स्कूल गेम्स में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सोनिया ने भाग लिया था। वह जिले से भाग लेने वाली एकमात्र खिलाड़ी थी। सोनिया ने प्रतियोगिता में अंडर-19 में तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। सोनिया के पिता आफसर ने बताया कि वे उग्राखेड़ी गांव के पास बनी कॉलोनी में रहते हैं। संवाद